गोपालगंज।
जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के हिरापाकड़ गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार को जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में महिला समेत दोनों पक्षों से कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और कई लोग घायल हो गए।
घटना में एक पक्ष से योगेंद्र साह की पत्नी गेंदावली देवी, बेटे विपुल कुमार और जगदंबा कुमार घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से शिवपूजन साह का बेटा पंचानंद साह, उमेश साह, उमेश साह की पत्नी कुसुम देवी, बेटा रवि प्रकाश और पंचानंद साह का बेटा सोनू कुमार जख्मी हुए।
दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमीन पर जबरन कब्जा करने और मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
