मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना ढाला के पास मंगलवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रेलर ने ठेला लगाकर जलेबी बेचने वाले दुकानदार को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के बलेसरा गांव निवासी वीरेंद्र साह के 22 वर्षीय बेटे प्रदीप कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि प्रदीप रोज की तरह जलेबी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार सुबह भी वे ठेला लेकर निकले थे, तभी जिगना ढाला के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें ठोकर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर प्रदीप के ठेले से टकराया, जिससे वे संभल नहीं सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है, क्योंकि प्रदीप ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। स्वजनों ने प्रशासन से आर्थिक मदद और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *