गोपालगंज। बुधवार को हुई तेज वर्षा ने गोपालगंज सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश का पानी अस्पताल परिसर में घुस गया और इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच गया। हालात ऐसे बने कि वार्ड में पानी भर जाने से मरीजों के बेड तक पानी पहुंच गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मजबूरन कई मरीजों के परिजन बेड के ऊपर बैठकर हालात झेलते रहे। वहीं, अस्पताल में आने-जाने वाले रास्तों पर भी जलभराव हो गया, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
गंदा पानी भरने से संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। मरीज और उनके परिजन लगातार अस्पताल प्रबंधन से सफाई की मांग करते रहे, लेकिन तत्काल कोई ठोस कदम उठता नहीं दिखा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। मरीजों और परिजनों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
