गौरी बाजार क्षेत्र के ग्राम पोखरभिंडा में पतंग उड़ाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी परशुराम निषाद का 10 वर्षीय पुत्र युवान निषाद खेलते समय कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की दोपहर युवान कुछ बच्चों के साथ गांव में पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पतंग पर ध्यान देने के कारण वह आसपास का ध्यान नहीं रख सका और पास स्थित कुएं में गिर गया। घटना होते ही साथ खेल रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना युवान के परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवान को कुएं से बाहर निकाला। उसे बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की असामयिक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। युवान दो भाइयों और चार बहनों में पांचवें नंबर पर था। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
