देवरिया जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष जिले में करीब 1.15 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जो बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक भी उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी टिप्स दे रहे हैं।

राजकीय कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की गणित विषय की शिक्षिका कामिनी पांडेय ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को गणित विषय की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि गणित विषय में घबराने की जरूरत नहीं है। यदि छात्र-छात्राएं मनोयोग से तैयारी करें तो शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करना आसान है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए सतत और नियमित अभ्यास जरूरी है। अवकलन, समाकलन, अवकल समीकरण, वेक्टर, थ्री-डी, प्रायिकता और लीनियर प्रोग्रामिंग जैसे अध्याय स्कोरिंग होते हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मैट्रिक्स और डिटरमिनेंट्स के प्रश्न अक्सर दोहराए जाते हैं, जिससे इनकी तैयारी अपेक्षाकृत आसान होती है।

कामिनी पांडेय ने विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की किताब को आधार बनाकर पढ़ाई करने, बार-बार प्रश्न हल करने और रोजाना कम से कम तीन घंटे गणित को देने की सलाह दी। साथ ही हर रविवार स्वयं का टेस्ट लेने, सूत्रों को नोटबुक में लिखकर प्रतिदिन दोहराने, लीनियर प्रोग्रामिंग के प्रश्नों को ग्राफ पर अभ्यास करने और पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने पर जोर दिया।