औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार से रुद्रपुर नगर पंचायत के मोड़ तक 10 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को शासन से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के पूरा होने से रुद्रपुर से देवरिया के बीच आवागमन सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क निर्माण पर कुल 36.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें पहली किस्त के रूप में 12.76 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
भीखमपुर–देवरिया–करहकोल मार्ग प्रमुख जिला मार्ग के अंतर्गत आता है। इसके तहत चैनेज 13 किलोमीटर से 21 किलोमीटर तक, यानी औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार से रुद्रपुर नगर पंचायत के मोड़ तक लगभग आठ किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई सात मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा।
निर्माण कार्य के दौरान यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए विद्युत विभाग की ओर से 3.96 करोड़ रुपये और वन विभाग के लिए 41.61 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं शहरी क्षेत्र में 5620 वर्ग मीटर तथा ग्रामीण क्षेत्र में 0.046 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिस पर करीब 12.09 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
परियोजना के अंतर्गत उसरा बाजार के पास पुलिया का चौड़ीकरण, आबादी वाले हिस्सों में नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। इससे जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होगी, जलभराव से राहत मिलेगी और सड़क सुरक्षा भी मजबूत होगी।
