देवरिया। विकास खंड लार अंतर्गत ग्राम पंचायत बनकटा अमेठिया में रविवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर की उपस्थिति में चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके तत्काल निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

चौपाल के दौरान पात्र लाभार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

  • निराश्रित महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन

  • वृद्धजनों को वृद्धा पेंशन

  • किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त

  • पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड, फैमिली आईडी कार्ड और पात्र गृहस्थी कार्ड प्रदान किए गए।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक दिए गए और लाभार्थियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई। बच्चों को खेलकूद के प्रति जागरूक करने के लिए बैडमिंटन और बैट भी वितरित किए गए।

चौपाल की शुरुआत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से हुई। बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनका जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना और ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई करना है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

चौपाल के उपरांत जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने निर्माणाधीन मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *