देवरिया। जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के लिए एक 9 वर्षीय बालक की बलि देकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के सगे फूफा व यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल इंद्रजीत गौड़ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी विक्रान्त वीर ने बताया कि आरोपी इंद्रजीत गौड़ की शादी 2024 में पटखौली गांव निवासी शम्भा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद जब वह ससुराल आया, तो उसके ऊपर कथित रूप से देवी मां सवार होने की बात कही गई और वह बीमार हो गया। परिजनों ने उसे झाड़-फूंक के लिए एक ओझा के पास ले जाया, जहां कथित तौर पर नरबलि देने की बात सामने आई।
इसके बाद इंद्रजीत ने अपने साले, 9 वर्षीय आरुष गौड़ को चार माह पहले अपहरण कर लिया। रात में बगीचे में पूजा-पाठ के दौरान चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं गाड़ दिया गया। बाद में शव को निकालकर बोरे में रखा गया और एक पिकअप से नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके जुर्म का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि सभी अभियुक्तों को अदालत में पेश किया जा रहा है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ₹10,000 नगद इनाम देने की घोषणा की गई है।
