एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना के तहत जनपद में हल्दी उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विकास खण्ड भाटपार रानी के ग्राम मिश्रौली तथा विकास खण्ड बनकटा के ग्राम पंचायत खामपार और बंगरा बाजार में हल्दी की खेती करने वाले किसानों के लिए प्रोसेसिंग एवं पैकिंग की व्यवस्था शुरू की गई है।
किसानों की मांग को देखते हुए जमुना सिंह फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से हल्दी की प्रोसेसिंग कर उसे बाजार तक पहुंचाने की पहल की गई। इसी क्रम में हल्दी पैकिंग के ब्राण्ड “देव हेल्थी हल्दी पाउडर” का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह द्वारा कृषकों की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से हल्दी की खेती से जुड़ी जानकारी प्राप्त की तथा इसके विपणन की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। एफपीओ के सीईओ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि किसानों द्वारा उत्पादित देशी हल्दी की गुणवत्ता और सुगंध उत्कृष्ट है, जिसकी मांग बिहार की नजदीकी मंडियों के साथ-साथ देवरिया के स्थानीय बाजारों में बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि ब्राण्ड स्थापित होने के बाद हल्दी के व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई है, जिससे अधिक क्षेत्रफल में हल्दी की खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने ब्राण्ड नेम के पंजीकरण, एफएसएसएआई एवं एगमार्क से संबंधित आवश्यक कार्यवाही के लिए जिला कृषि अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी को एफपीओ को हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए।
हल्दी ब्राण्ड के शुभारंभ अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, परियोजना निदेशक सहित हल्दी उत्पादक किसान अनुज सिंह, रामप्रवेश, जितेन्द्र, चन्दन एवं सत्यप्रकाश सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे।
