देवरिया/लखनऊ।
भारतीय क्रिकेट जगत से जनपद देवरिया के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। खुखुदू थाना क्षेत्र के ग्राम गुलाली परसिया निवासी तेज गेंदबाज नमन तिवारी का चयन आईपीएल ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 1 करोड़ रुपये में किया है। इस उपलब्धि के साथ नमन देश के सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर हो गए हैं।
आईपीएल ऑक्शन के दौरान कई फ्रेंचाइजी की नजर नमन तिवारी पर थी, लेकिन उनकी तेज गेंदबाजी, निरंतरता और अनुशासन को देखते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन पर भरोसा जताया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि नमन आने वाले सत्र में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
नमन तिवारी की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर महुआबरी (पथरदेवा) से हुई। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने लखनऊ में रहकर कड़ी मेहनत के साथ क्रिकेट का अभ्यास किया। पिता सूर्यनाथ तिवारी एलआईसी एजेंट हैं जबकि माता सरोज तिवारी गृहणी हैं। सामान्य ग्रामीण परिवार से निकलकर आईपीएल तक पहुंचना नमन के संघर्ष और समर्पण की मिसाल है।
इस ऐतिहासिक चयन से गांव और क्षेत्र में जश्न का माहौल है। लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और नमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
