देवरिया जिले के चर्चित मनोकामना हनुमान मंदिर की जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में दिखा। सुबह छह बजे से ही मंदिर परिसर के चारों तरफ पुलिस फोर्स की चाक-चौबंद तैनाती कर दी गई और मंदिर क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसडीएम श्रुति शर्मा ने राजस्व विभाग की दो टीमों के साथ मंदिर की जमीन की पैमाइश कराई। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एएसपी दक्षिणी, सीओ सदर, सीओ बरहज, सीओ भाटपार समेत कई थानों के प्रभारी और भारी संख्या में महिला-पुरुष बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक सतर्कता का आलम यह रहा कि स्थानीय लोग मंदिर परिसर में पुलिस निगरानी के बीच ही आ-जा सके।
प्रदेश सरकार भी मामले पर पूरी तरह नजर रखे रही। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संवाद करते रहे। वहीं, हनुमान मंदिर के उत्तराधिकारी महंत और मंदिर समिति भी पूरे समय मौके पर डटे रहे। पैमाइश की हर प्रक्रिया महंत और समिति की मौजूदगी में की गई ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न पैदा हो।
गौरतलब है कि मंदिर की जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को प्रशासन द्वारा कराई गई पैमाइश को विवाद सुलझाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब जिले की निगाहें राजस्व टीम की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई तय होगी। प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि यह पैमाइश विवाद को सुलझाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
