देवरिया। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनमानस में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस देवरिया द्वारा आज दिनांक 18.02.2026 को प्रातः 05:00 बजे से 08:00 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत सभी थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों द्वारा मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया गया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए छोटे-मोटे विवादों को मौके पर ही समझा-बुझाकर सुलझाया गया तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को सशक्त किया गया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए तलाशी व पूछताछ की गई। अभियान के अंतर्गत चोरी की गाड़ियों की जांच, तीन सवारी के विरुद्ध कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा दोपहिया पर तीन सवारी चलाने के मामलों में कार्रवाई की गई। साथ ही अवैध असलहा एवं मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु सघन जांच की गई।
पुलिस द्वारा संवाद के दौरान जनसामान्य को मार्निंग वॉकर अभियान के उद्देश्यों व बिंदुओं से अवगत कराया गया। आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। जनपदीय पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और आमजन की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
