देवरिया। नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में बरहज विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौधरी, भाटपाररानी विधायक प्रतिनिधि परवेज आलम, सलेमपुर सांसद प्रतिनिधि मुन्ना यादव, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि राजू मणि, सलेमपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश प्रताप सिंह, देसही देवरिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय कुमार तिवारी, मुख्य राजस्व अधिकारी जलराजन चौधरी तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री प्रियंका चौधरी मौजूद रहीं।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अनिल कुमार सोनकर ने अतिथियों का स्वागत बुके देकर किया।
महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों के लिए इस योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के तहत 100 बच्चों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 63 बच्चों को आज लैपटॉप प्रदान किए गए।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जब पूरा विश्व कोरोना महामारी से प्रभावित था, उस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने अनाथ और असहाय बच्चों को सहारा देने के लिए ₹4000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी। अब लैपटॉप उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को और संवारने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने इस मौके पर बच्चों को लैपटॉप के सही उपयोग के बारे में जानकारी दी और उनसे होने वाले फायदे-नुकसान पर प्रकाश डालते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन, चाइल्ड हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पात्र बच्चों के अभिभावक और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *