भाटपाररानी। क्षेत्र के टिकमपार निवासी सब्बीर की पत्नी सेहाना खातून (28) को मंगलवार प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने तत्काल 102 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पाकर ईएमटी कृष्ण कुमार गुप्ता और चालक फूलचंद वर्मा एम्बुलेंस लेकर प्रसूता के घर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने लगे।
अस्पताल जाते समय रास्ते में प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। हालात को देखते हुए एम्बुलेंस कर्मियों ने सड़क किनारे सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोक दी और एम्बुलेंस में ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसूता ने तीसरी संतान के रूप में एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद एम्बुलेंस कर्मियों ने मां और नवजात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
