देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत 31 अगस्त को पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना बरहज की महिला आरक्षी प्रियंका कुमारी और किरण चौहान ने महिलाओं-बालिकाओं को डायल-112, हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 और एंबुलेंस सेवा-108 जैसे नम्बरों की जानकारी दी।
इसी तरह थाना श्रीरामपुर, भलुअनी और बघौचघाट की मिशन शक्ति टीमों ने भी कस्बों व बाजारों में जाकर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया।
साथ ही सभी थानों की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर टेम्पलेट वितरित कर जागरूकता फैलाई। पुलिस का कहना है कि इन अभियानों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना जगाना और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
