देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में जनपद में 31 अगस्त को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस पहल का मकसद जनमानस में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना तथा मित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान पुलिस ने मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सीधा संवाद किया, छोटे विवादों को सामुदायिक स्तर पर सुलझाने की कोशिश की और साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी रखी। चोरी की गाड़ियों की जांच, तीन सवारी व नाबालिग चालकों पर कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों का चालान, फब्तियां कसने वालों व तेज आवाज के लाउडस्पीकर पर कार्रवाई जैसे कदम उठाए गए। अवैध हथियार और मादक पदार्थों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस द्वारा की गई चेकिंग में जिले के 30 स्थानों पर कुल 483 व्यक्तियों और 295 वाहनों की जांच की गई। आमजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संतोष हुआ। पुलिस ने आश्वासन दिया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि शांति, सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।
