देवरिया: मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला ने दूसरी महिला पर बैग की चेन खोलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर सुरक्षा कर्मी पहुंचे और आरोपी महिला को रोक लिया।
जानकारी के मुताबिक, महुआडीह की रहने वाली महिला मेडिकल कॉलेज के हेल्प डेस्क पर किसी योजना की जानकारी लेने आई थी। भीड़ में उसे बैग का चेन खुलने का अहसास हुआ। पलटकर देखा तो बैग का चेन आधा खुला था। उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।
आरोपी महिला बिल्डिंग से बाहर जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने बच्चे का इलाज कराने आई थी। हालांकि, पहचान और अन्य जानकारी पूछे जाने पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी।
कुछ देर की पूछताछ के बाद सुरक्षाकर्मियों ने महिला को छोड़ दिया। सुरक्षा प्रभारी डॉ. एसएस द्विवेदी ने बताया कि हेल्प डेस्क पर एक महिला ने दूसरी महिला पर बैग की चेन खोलने का आरोप लगाया था। बाद में आरोप लगाने वाली महिला ने माना कि बैग गलती से खुल गया था। इसके बाद आरोपी महिला को छोड़ दिया गया।
