छपरा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला, नूनखार स्टेशन के पास टूटा कपलिंग
छपरा/गोरखपुर: मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। छपरा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह करीब 8:19 बजे नूनखार रेलवे स्टेशन से जैसे ही आगे बढ़ी, तभी अचानक ट्रेन का कपलिंग टूट गया और इंजन से बोगियां अलग हो गईं।
इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया और बोगियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्री चीखने-चिल्लाने लगे और डर के मारे अपनी जगह से उठकर इधर-उधर भागने लगे।
करीब 20 मिनट तक ट्रेन वहीं रुकी रही। इसी बीच गेटमैन की सूचना पर चालक ने लगभग 770 मीटर की दूरी तय करने के बाद ब्रेक लगाया। बाद में रेलकर्मियों ने तुरंत इंजन और बोगियों को दोबारा जोड़कर ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना कराया।
रेलवे कर्मियों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि अगर ट्रेन की रफ्तार ज्यादा होती तो यह एक बड़ा हादसा साबित हो सकता था। यात्रियों ने भी घटना के बाद चैन की सांस ली।
