देवरिया। उत्तर प्रदेश स्टेट चेस चैंपियनशिप (U.P. State Chess Championship) के अंडर-9 वर्ग में अद्विका ढिल्लो ने अपने पहले ही राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में पाँचवां स्थान प्राप्त कर जनपद देवरिया का नाम रोशन किया है। अद्विका देवरिया की जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल और श्री गगन ढिल्लो की सुपुत्री हैं।
सीतापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में अद्विका ने संयम, आत्मविश्वास और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाई। उन्होंने कहा, “मैंने बहुत कुछ सीखा है और आगे और मेहनत करूंगी।” अद्विका को ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश, मैग्नस कालर्सन, और कोनेरू हंपी प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष श्री ए.के. रायजादा ने अद्विका की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसी बाल प्रतिभाएं राज्य की नई पहचान बन रही हैं।”
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने बेटी की इस उपलब्धि पर भावुक होते हुए कहा, “यह मेरे लिए गौरव का क्षण है। अद्विका ने लोगों के आशीर्वाद और अपनी मेहनत से यह मुकाम पाया है।” वहीं पिता श्री गगन ढिल्लो ने भी बेटी की मेहनत और लगन की प्रशंसा की।
खास बात यह है कि जिलाधिकारी की छोटी बेटी अव्याना ढिल्लो ने भी अंडर-7 वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दोनों बेटियाँ गोरखपुर के प्रसिद्ध शतरंज कोच श्री जितेन्द्र सिंह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
अद्विका और अव्याना दोनों ही शतरंज के साथ-साथ शिक्षा में भी मेधावी हैं। उनकी इस सफलता ने देवरिया को राज्य के बौद्धिक खेल मानचित्र पर गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है।
