देवरिया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर जनपद न्यायालय देवरिया के सात न्यायिक अधिकारियों के गैर जनपद स्थानांतरण होने पर मंगलवार को भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
जनपद न्यायाधीश देवेन्द्र सिंह ने सभी स्थानांतरित न्यायिक अधिकारियों की कार्य कुशलता, न्यायप्रियता और निर्णयों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने संचालन करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों ने अपने दायित्वों का सफल निर्वहन किया, उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
मोटर दावा अधिकरण देवरिया के पीठासीन अधिकारी इफ्तेखार अहमद ने भावुक होकर कहा, “आप सभी दीपक के समान हैं, जहां भी जाएंगे, वहां न्याय और सेवा का प्रकाश फैलाएंगे।”
प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय ने भी कहा कि ये अधिकारी जनहित में न्याय देने में सदैव अग्रणी रहे और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन किया।
कार्यक्रम के अंत में जनपद न्यायाधीश देवेन्द्र सिंह द्वारा सभी स्थानांतरित न्यायिक अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
इस अवसर पर कई न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।
