गोपालगंज/विशंभरपुर। सोशल मीडिया विवाद ने एक छात्र की जान ले ली। विनोद मटिहनिया गांव निवासी ऋतिक श्रीवास्तव (17 वर्ष), पिता नागेंद्र श्रीवास्तव, की सोमवार को चाकूबाजी में हत्या कर दी गई।
घटना सारण तटबंध स्थित जोगी बीर बाबा के समीप हुई।
मृतक छात्र ऋतिक कुमार श्रीवास्तव इंटर का विद्यार्थी था और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईश्वर पट्टी में पढ़ाई कर रहा था। घटना के समय वह अपने साथियों के साथ था, तभी छात्रों के दो गुटों में आपसी रंजिश को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई। इसमें ऋतिक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप पर चल रही कहासुनी थी, जो बाद में खूनी झगड़े में बदल गई।
मृतक ऋतिक के माता-पिता बाहर रहते हैं। उसके परिवार में एक छोटा भाई गणेश श्रीवास्तव है।
थाना अध्यक्ष मुकेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच एक-एक बिंदु पर की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
