मांझागढ़/गोपालगंज। तीज व्रत के अवसर पर निकलने वाले महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार और थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह ने जुलूस के रूट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मांझा बहोरा हाता गांव के समीप गंडक नहर पर स्थित सड़क टूटी हुई है, जिससे जुलूस के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई है। इस पर अंचलाधिकारी ने तुरंत गंडक विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी से बात कर सोमवार तक सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

बताया जाता है कि आगामी 26 अगस्त को तीज व्रत है। इस अवसर पर मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लंगतु हाता, पुरानी बाजार, सदा साह टोला, मांझागढ़ नई बाजार, कर्णपुरा, वृति टोला, फुलवरिया, बलुवा टोला, भवानीगंज सहित दर्जनों गांवों से मंगलवार की रात महावीरी अखाड़ा जुलूस निकलेगा। वहीं बुधवार को भी अखाड़ा जुलूस का आयोजन होगा।

इस अवसर पर मांझागढ़ रामजानकी मंदिर परिसर में मेला का आयोजन किया जाएगा और मांझागढ़ बाजार में अखाड़ा समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *