शहर के वीएम फील्ड में रविवार को ई-रिक्शा चालकों ने अपनी समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान चालकों ने अवैध वसूली, दुर्व्यवहार और स्टैंड की कमी को अपनी प्रमुख समस्या बताया और इनसे निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाई।
बैठक का नेतृत्व माले नेता अजात शत्रु ने किया। ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि उन्हें अक्सर रोककर अवैध वसूली की जाती है और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, शहर में ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड न होने से यात्रियों को चढ़ाने-उतारने में परेशानी होती है। ट्रैफिक जाम की स्थिति में भी उन्हें ही दोषी ठहरा दिया जाता है, जबकि इसके पीछे अन्य कारण जिम्मेदार होते हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस शोषण को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रणनीति के तहत चालक पहले जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में वे अपनी सभी समस्याओं का विस्तार से उल्लेख करेंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे। यदि इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो चालक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
