गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र बंजारी स्थित हरसन हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, कुचायकोट थाना क्षेत्र के दऊदा रामपुर निवासी मैनादिन का 30 वर्षीय बेटा मनान पिछले एक सप्ताह से बीमार था। उसे खांसी और मुंह से खून निकलने की शिकायत के बाद परिजन हरसन हॉस्पिटल लेकर आए। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज को भर्ती कर लिया और इलाज के नाम पर 5 से 7 लाख रुपये खर्च करवा दिए। बाद में जब परिजन पैसे का इंतजाम नहीं कर सके तो डॉक्टर ने जमीन के कागजात की मांग की और बड़े अस्पताल में रेफर भी नहीं किया।

इसी बीच मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। इस दौरान डॉक्टर और स्टाफ क्लिनिक छोड़कर फरार हो गए।

नगर थानाध्यक्ष परवीन प्रभाकर ने बताया कि “परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से मौत हुई है। फिलहाल डॉक्टर और पूरा स्टाफ फरार है। मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *