माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में किया गया। इस अवसर पर सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल, मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय तथा सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राएं एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
संजीव प्रसारण के उपरांत सदर सांसद श्री शशांक मणि त्रिपाठी ने मेधावी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी मेधा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में योगदान दें। उन्होंने संतुलित जीवन के लिए खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य उतना ही जरूरी है जितना मानसिक विकास, और प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी दिनचर्या में कम-से-कम एक खेल को जरूर शामिल करना चाहिए।
सांसद श्री त्रिपाठी ने छात्रों को जनपद के चहुँमुखी विकास के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट अमृत प्रयास का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया और बताया कि यह प्रयास युवाओं को प्रेरणा देगा। उन्होंने छात्रों के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद एक डेलिगेशन के साथ विभिन्न देशों की यात्रा पर गए थे, जहां उन्होंने महसूस किया कि विदेशों में भारत के प्रति सम्मान और विश्वास पहले से कहीं अधिक बढ़ा है।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों से उनके करियर से संबंधित सवालों पर संवाद किया और मार्गदर्शन दिया। डीएम ने विश्वास जताया कि सभी मेधावी छात्र आसमान की ऊँचाइयों को छूने की सामर्थ्य रखते हैं और भविष्य में जनपद का नाम रोशन करेंगे।
जनपद की प्रीति कुशवाहा को कक्षा 10वीं में 96.67 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर राज्य स्तर पर मेधावी छात्रा के रूप में सम्मानित किया गया है।
विकास भवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हाईस्कूल के जिन मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, उनमें शिवानी, अमृता मौर्य, अन्नपूर्णा गोंड, नंदिनी सिंह, स्नेहा कुमारी, विशाल यादव, पिंकी प्रजापति, मेनिका पांडेय एवं राजन यादव शामिल हैं। इंटरमीडिएट वर्ग में उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में श्वेता प्रसाद, साहिल रौनियार, समीरा सिद्दकी, शिवेन्द्र तिवारी, ज्योति यादव, आफिया खातून, रमशा खान, अनिकेश कुमार, प्रियांशी पांडेय एवं संगम बरनवाल के नाम शामिल है। जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया उनमें आदित्य सिंह, आदित्य गुप्ता, मोहम्मद सलमान, निखिल सिंह, मोहम्मद आसीफ एवं अनुराग सिंह शामिल हैं।
इस अवसर पर सीडीओ प्रत्यूष पांडेय, डीआईओएस शिव नारायण सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *