गोपालगंज। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पूरे देश में 29 से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में 31 अगस्त को खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संडे ऑन साइकिल रैली निकाली गई।
रैली मिंज स्टेडियम से शुरू होकर पोस्ट ऑफिस, अम्बेडकर चौक, घोष मोड़, मौनिया चौक होते हुए वापस मिंज स्टेडियम में समाप्त हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, एनसीसी, भारत स्काउट गाइड के सदस्य और कई खेलों के खिलाड़ी शामिल हुए।
इसका उद्देश्य लोगों को शारीरिक फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना था। साथ ही स्वीप मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आम लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जागरूक भी किया गया।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी प्रशांत अभिषेक, जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार, निदेशक डीआरडीए राकेश चौबे, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे सहित कई अधिकारी और शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे।
