देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में थाना श्रीरामपुर पुलिस ने आज (24 सितम्बर 2025) मिशन शक्ति फेज-05 के तहत विशेष अभियान चलाया।
अभियान में थाना की एंटी रोमियो टीम ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों में तैनात होकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं व छात्राओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, अशोभनीय व्यवहार और पीछा करने जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
इस दौरान टीम ने सतर्कता से चेकिंग की और 10 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इनमें से 7 को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 3 के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई। साथ ही एक मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत जब्त किया गया।
अभियान के तहत पुलिस ने स्कूलों व कॉलेजों में जाकर छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1930 साझा कर उन्हें निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
