गोपालगंज।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोपालगंज के तत्वावधान में रविवार को उचकागांव प्रखंड के साखे खास पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नालसा दिव्यांग बच्चों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2021, स्थायी लोक अदालत का गठन, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 तथा विधिक सहायता योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता संजय कुमार गुप्ता एवं पी.एल.वी. मुकेश कुमार बैठा की टीम ने बताया कि मानसिक और शारीरिक दिव्यांग बच्चों के लिए सरकार की ओर से शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में विशेष सुविधाएं व आरक्षण उपलब्ध हैं।

साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में स्थायी लोक अदालत की स्थापना की गई है, जहाँ जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का सुलह और त्वरित समाधान संभव है। अदालत का निर्णय अंतिम और सभी पक्षों पर बाध्यकारी होगा।

कार्यक्रम में घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के तहत शारीरिक, यौन, मौखिक, भावनात्मक और आर्थिक दुर्व्यवहार की परिभाषा व इससे जुड़ी कानूनी मदद के बारे में भी बताया गया।

अंत में, लोगों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित हैंडबिल वितरित किए गए। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *