गोपालगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चलने वाले देश के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियान “स्वस्थ नारी सशक्त नारी” का शुभारंभ बुधवार को जिले में हुआ। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और परिवारों के स्वास्थ्य की जांच व उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेन में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों का स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नारी शक्ति को राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने में नारी, युवा शक्ति और किसान प्रमुख स्तंभ हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इन शिविरों में रक्त, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, एनीमिया और टीबी की निशुल्क जांच की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व देखभाल, बच्चों का टीकाकरण और रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने कहा कि यह 15 दिवसीय पखवाड़ा केवल जांच ही नहीं बल्कि निशुल्क उपचार का भी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों को जोड़कर विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने इसे मातृ-शिशु स्वास्थ्य और नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

सीडीओ प्रत्युष पांडेय ने कहा कि इस अभियान के तहत जनपद में बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत हुई है, जिसमें महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, एसडीएम विपिन, डीपीओ, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, नीरज शाही, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, डॉ. मूलचंद, अजीत शर्मा, सुनील पासवान, निखिल सिंह, राजेश मिश्रा, संजय सिंह, नरेंद्र मिश्र, अंगद तिवारी, जितेंद्र तिवारी, रामजोखन निषाद, अखंड प्रताप सिंह, अभय यादव और संदीप सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *