एंकर:
गोपालगंज से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेकपोस्ट पर गुप्त सूचना के आधार पर चलाई गई कार्रवाई में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 900 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस दौरान पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगहा थाना क्षेत्र, मझझमपुर गांव निवासी दाऊद नबी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार के मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी। तस्करों ने शराब को छुपाने के लिए ट्रक में लोड किए गए रुई के बोरों के बीच कार्टन रखे थे, लेकिन पुलिस की सख़्ती के आगे उनकी सारी चालाकी बेकार साबित हुई।
इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार ने किया, जो उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के निर्देश पर अंजाम दी गई। मौके पर उत्पाद विभाग की टीम और कुचायकोट थाना पुलिस ने मिलकर छापेमारी की।
गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में शराब की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी को पुलिस-प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
