देवरिया।
निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा/सचिव, राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देवरिया में उल्लास – नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 01 से 08 सितम्बर 2025 तक साक्षरता सप्ताह मनाया गया। इसी क्रम में 08 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस भी मनाया गया।
साक्षरता सप्ताह के दौरान जनपद के सभी विकास खंडों के विद्यालयों में जागरूकता रैलियाँ निकाली गईं। इस अवसर पर असाक्षरों को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का संकल्प लिया गया। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बच्चों की रैलियाँ आयोजित कर साक्षरता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य उपलब्धियाँ
-
उल्लास सर्वे ऐप के माध्यम से सर्वेयरों ने घर-घर जाकर 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षरों और वालंटियरों का चिन्हांकन और पंजीकरण किया।
-
अब तक 11,258 असाक्षरों का पंजीकरण हो चुका है।
-
विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी और एनएसएस केंद्रों के सहयोग से जागरूकता रैलियाँ, प्रभात फेरियाँ, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएँ, सम्मेलन और सेमिनार आयोजित किए गए।
-
छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसहायता समूहों और ग्रामीणजनों की सक्रिय भागीदारी रही।
रैलियों में छात्र-छात्राएँ हाथों में “नव भारत साक्षरता कार्यक्रम – उल्लास” लिखी तख्तियाँ लेकर साक्षरता के नारे लगाते हुए शामिल हुए।
प्रसार के साधन
साक्षरता अभियान के प्रभावी प्रसार हेतु सामुदायिक रेडियो, स्थानीय सिनेमा, लाउडस्पीकर वैन, रेडियो जिंगल्स और लघु फिल्मों का उपयोग किया गया। साथ ही, ग्राम पंचायतों में किसानों, महिलाओं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, एसएमसी सदस्यों, स्वयंसहायता समूहों और नवसाक्षरों की बैठकों के जरिए योजना के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराया गया।
वर्तमान में उल्लास ऐप पर पंजीकरण का कार्य निरंतर जारी है, और स्वैच्छिक शिक्षकों एवं असाक्षरों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
