गोपालगंज। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की सुबह शहर के बंजारी मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।

मृतक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी सुशील सोनी के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम उज्जवल कुमार बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिता-पुत्र बाइक से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुशील सोनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना पाकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है, जो हादसे के बाद फरार हो गया।

इस दुर्घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। परिवार के लोग बार-बार बेहोश हो रहे हैं और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *