वरिया/कुशीनगर। महुआडीह थाना क्षेत्र के एक गांव का छात्र कुशीनगर जिले के हाटा में हुई हत्या के बाद पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि हत्या से एक दिन पहले छात्र ने विद्यालय के मोबाइल से मां को फोन कर जिउतिया पर्व पर घर आने की बात कही थी। लेकिन अगले ही दिन उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
घर पर कोहराम मचा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दादा ने भावुक होकर कहा – “जिस पोते को गोद में चलना सिखाया, उसी का अंतिम संस्कार अपने हाथों से करना पड़ा।”
परिवार ने आरोप लगाया कि छात्र के साथ कुकर्म की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
परिजनों ने कहा कि इस हत्या में विद्यालय प्रबंधक, उसके बेटे-बहू और पूर्व प्रधानाचार्य प्रभुनाथ पांडेय शामिल हैं। लेकिन पुलिस ने बहू को छोड़कर दूसरे बेटे का नाम केस में जोड़ दिया। नाराज परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर हाटा कोतवाली में भी आवाज उठाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में शरीर पर कई जगह चोट और खरोंच के निशान मिले हैं, जो संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। परिजनों का कहना है कि बेटा साहसी था और आखिरी वक्त तक डटकर लड़ा, लेकिन कोई उसकी मदद नहीं कर सका।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
