गोपालगंज।
विजयीपुर प्रखंड की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। छितौना ग्राम में 714.94 लाख रुपये की लागत से 68.48 मीटर लंबा ऊँचा स्तरीय पुल का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन 24 सितंबर 2025 को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री एवं भोरे विधानसभा के विधायक सुनील कुमार ने विधिवत किया।

यह पुल न केवल छितौना पंचायत बल्कि आसपास के कई पंचायतों की जीवनरेखा साबित होगा। पुल बनने से आवागमन सुगम होगा, स्थानीय लोगों को दूर-दराज़ की यात्रा में सहूलियत मिलेगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र पर भी इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में नदी पार करना बेहद कठिन हो जाता था। पुल बनने से अब न केवल किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में सुविधा होगी, बल्कि विद्यार्थियों और मरीजों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।

भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि यह पुल विजयीपुर क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक उत्थान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य निर्धारित समय पर पूरा होगा और आने वाली पीढ़ियाँ भी इसका लाभ उठाएँगी।

जनता की वर्षों की आकांक्षा को साकार करने वाला यह ऊँचा स्तरीय पुल वास्तव में क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *