गोपालगंज। बिहार की राजनीति में नई सरगर्मी देखी जा रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने गोपालगंज सदर विधानसभा सीट से अनस सलाम को उम्मीदवार बनाया है। उनके मैदान में उतरने से चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

अनस सलाम ने अपने हजारों समर्थकों के साथ अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता का उन्हें अपार समर्थन मिल रहा है और इस बार जीत निश्चित रूप से उनकी होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता पारंपरिक पार्टियों से निराश है और अब बदलाव चाहती है — AIMIM वही विकल्प बनकर सामने आई है।

अनस सलाम ने विकास, शिक्षा और रोजगार को अपना मुख्य एजेंडा बताते हुए कहा कि जीत के बाद इन मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि AIMIM की एंट्री से इस बार गोपालगंज में महागठबंधन और एनडीए दोनों के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

गौरतलब है कि पिछले चुनाव में इसी सीट से AIMIM ने अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने 12,214 वोट हासिल किए थे, जो कुल मतों का 7.25% था। फरवरी 2024 में उनकी हत्या के बाद पार्टी ने अब उनके पुत्र अनस सलाम को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है। पार्टी का कहना है कि यह चुनाव बिहार की नई राजनीति की दिशा तय करेगा।