गोपालगंज: कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार के पास एनएच-27 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक की चपेट में आने से जुगाड़ गाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सिरिसिया गांव निवासी राजदेव मुखिया जुगाड़ गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार को वे शहर में सामान पहुंचाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सासामुसा बाजार के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जुगाड़ गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।