गोपालगंज: विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के घर से बक्सों में रखे करीब एक करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर थावे थानाध्यक्ष और एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम) की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात छापेमारी की। इस दौरान घर से भारी मात्रा में नगदी के साथ कई बैंक पासबुक और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, बरामद राशि की गिनती फिलहाल जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और विधानसभा चुनाव से पहले इसका उपयोग कहां किया जाना था। पुलिस मुख्यालय ने भी मामले की निगरानी शुरू कर दी है।

फिलहाल जिस व्यक्ति के घर से रुपए बरामद हुए हैं, उसके संदर्भ में आधिकारिक बयान अभी जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।