देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार, 19 अक्टूबर 2025 को मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत विशेष पहल “बहू-बेटी अभियान” जनपद देवरिया में व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जनपद के सभी 21 थानों में एक साथ चौपाल और जागरूकता सम्मेलन आयोजित किए गए। क्षेत्राधिकारी श्रीमती विनी सिंह के नेतृत्व में थाना भलुअनी की टीम — म0उ0नि0 ज्योति, म0आरक्षी प्रियंका पांडेय और म0आरक्षी प्रियंका मौर्या — ने अंबेडकरनगर वार्ड में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी।
इसी क्रम में थाना कोतवाली, रामपुर कारखाना, तरकुलवा, बघौचघाट, महुआडीह, रुद्रपुर, गौरीबाजार, मदनपुर, एकौना, भाटपाररानी, भटनी, बनकटा, खामपार, श्रीरामपुर, सलेमपुर, लार, खुखुन्दू, बरियारपुर, बरहज, भलुअनी और मईल थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर महिलाओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, साइबर अपराध से बचाव और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध और लैंगिक समानता जैसे विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई।
चौपालों में महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पंपलेट भी वितरित किए गए।
अभियान के दौरान पीड़ित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिन पर पुलिस अधिकारियों ने कानूनी सहायता और परामर्श के तरीके बताए। इस पहल की महिलाओं ने सराहना करते हुए कहा कि इससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
