देवरिया – गोवर्धन पूजा के अवसर पर बुधवार को नगर पालिका परिषद देवरिया के पिपरपाती स्थित कान्हा गौशाला में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने विधिवत रूप से गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौमाता को गुड़, चना, केला और हरा चारा खिलाया और गोसेवा व गोवंश संरक्षण का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गोवर्धन पूजा मानव, प्रकृति और पशुधन के बीच सामंजस्य का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक रहें और इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।

डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि गोसेवा ही सच्ची सेवा है, क्योंकि यह केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी है।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु व गौसेवक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।