देवरिया। माननीय राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी महोदया और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षा गृह में “बाल तस्करी से आज़ादी 3.0” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों और बाल संरक्षण से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया।

कार्यशाला की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय एवं प्रभारी विशेष किशोर पुलिस इकाई ने की, जबकि संचालन संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी द्वारा किया गया। प्रारंभ में एएसपी ने सभी प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त किया और अनुपस्थित अधिकारियों को भविष्य में अनिवार्य रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में बाल तस्करी की रोकथाम, बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों, पाक्सो (POCSO) अधिनियम से संबंधित प्रक्रिया, और सामाजिक जागरूकता जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी गुमशुदा या मिले हुए बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाए और संबंधित सूचना नियमानुसार साझा की जाए।

संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की पहल पर, जिलाधिकारी के आदेशानुसार आयोजित किया गया है। उन्होंने बाल तस्करी की परिभाषा, इसके प्रकार — जैसे मुफ्त मजदूरी, यौन शोषण, अंग व्यापार और भीख मंगवाना — पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 या डायल 112 पर तत्काल दी जानी चाहिए।

कार्यशाला में श्रीमति सावित्री राय (अध्यक्ष) और श्री विवेकानंद मिश्र (सदस्य, बाल कल्याण समिति) ने समिति के कार्यों की जानकारी दी। डा. संजय गुप्ता (नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग) ने स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की, वहीं श्री दिनेश कुमार (श्रम प्रवर्तन अधिकारी) ने श्रम कानूनों और योजनाओं की भूमिका बताई।

श्री सुदीप पांडेय (शिक्षा विभाग) ने विद्यालयों की भूमिका पर जोर दिया, जबकि श्री ब्रजेश नाथ तिवारी (किशोर न्याय बोर्ड) ने संबंधित कानूनों की जानकारी दी। श्री ओम प्रकाश तिवारी (विधिक सेवा प्राधिकरण), श्रीमति नीतू भारती (वन स्टॉप सेंटर) और सुश्री अनुराधा राज (चाइल्ड हेल्पलाइन) ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर श्री आकाश सिंह कुशवाहा, श्री सत्यपाल चौहान, श्री सुनील कुमार सिंह सहित सभी नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।