देवरिया : पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपराध और पशु तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले में सक्रिय पशु तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कदम पशु तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने और संगठित अपराध के माध्यम से अर्जित होने वाले अवैध लाभ को समाप्त करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
गैंग का सरगना अब्दुल्लाह पुत्र फरीद निवासी सोफीगढ़ थाना अहिरौला जनपद आजमगढ़ बताया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अनुराग यादव निवासी अम्बेडकरनगर, बंटी राजभर निवासी आजमगढ़ और अरशद निवासी जौनपुर को भी इस मामले में नामजद किया गया है। थाना सलेमपुर पर गैंगस्टर एक्ट में इन चारों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से पशु तस्करी में शामिल रहा है और इनका नाम पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने स्पष्ट किया कि जनपद में संगठित अपराध और पशु तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
