गौरी बाजार थाना क्षेत्र के धनौती गांव में सोमवार शाम पारिवारिक विवाद के बाद दंपती द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार धनौती गांव के मुस्लिम टोला निवासी मेहदी हसन (35) और उनकी पत्नी रेहान खातून (30) के बीच परिजनों से संबंधित किसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया था। तनाव बढ़ने पर दंपती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की स्थिति प्रारंभ में गंभीर थी, हालांकि समय पर इलाज शुरू होने से अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दंपती फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है, जबकि पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
