सलेमपुर नगर में बैंकों और कांप्लेक्स के पास पार्किंग की सुविधा न होने से सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थल निरीक्षण के बाद सीओ मनोज कुमार की पहल पर कोतवाली पुलिस ने सोहनाग मोड़ पर बैरिकेटिंग लगाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की दिशा में कदम उठाया है।

नगर में अधिकांश बैंक मुख्य सड़क पर स्थित होने के कारण लोग वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। वहीं कई कांप्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था न होने से फुटपाथ और सड़क ही लोगों की पार्किंग बन गए हैं। प्रशासन की ओर से समय-समय पर नोटिस जारी किए गए और अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

सीओ मनोज कुमार ने बताया कि सोहनाग मोड़ पर बैरिकेटिंग की व्यवस्था जाम को कम करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।