गोपालगंज। रबी सीजन की शुरुआत से ही बैकुंठपुर प्रखंड के किसानों को गेहूं के प्रमाणित बीज की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बीते कई दिनों से सरकारी बीज वितरण केंद्र पर किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन सीमित आवंटन के कारण अधिकांश किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि 22 पंचायतों के लिए मिले बीज की मात्रा आवश्यकता से काफी कम है, जिसके चलते किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में सुबह से शाम तक किसान बीज की उम्मीद में चक्कर लगा रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकारी दर पर बीज मिलने से लागत में कमी आती, लेकिन उपलब्धता न होने के कारण उन्हें निजी दुकानों से महंगे दामों पर बीज खरीदना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत बढ़ गई है। किसानों ने यह भी बताया कि बीज वितरण में पारदर्शिता नहीं दिख रही और जानकारी के अभाव में किसान परेशान हैं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी देवानंद भारती ने बताया कि प्रखंड को सीमित मात्रा में बीज का आवंटन मिला था, जबकि किसानों की संख्या अधिक होने से सभी को समय पर उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर अतिरिक्त आवंटन की मांग कर दी गई है। जैसे ही नया स्टॉक प्राप्त होगा, बीज प्राथमिकता के आधार पर किसानों के बीच वितरित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, विभाग स्थिति को गंभीरता से लेकर आपूर्ति बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।
