यूपी-बिहार सीमा स्थित स्याही पुल चेकपोस्ट पर बुधवार को शराब के नशे में धुत युवकों ने अवर निरीक्षक मद्य निषेध राजीव रंजन शुक्ला और होमगार्डों पर हमला कर दिया। चेकिंग के दौरान बोलेरो चालक द्वारा वाहन रोकने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और गाड़ी में बैठे युवक गाली-गलौज करते हुए टीम से उलझ गए।
आरोप है कि युवकों ने वाहन से डंडे निकालकर चौकीप्रभारी तथा होमगार्ड हरिशंकर शाह और रामजी कुमार राम पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथ ही युवकों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने की शिकायत भी दर्ज हुई है।
राहगीरों की मदद से तीन आरोपियों—नौशाद अंसारी, इश्तेखार अंसारी और मो. कुदुस अंसारी, निवासी हरपुर थाना आंदर जिला सिवान—को पकड़ लिया गया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार युवकों को मैरवा पुलिस को सौंप दिया गया है। मैरवा थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि चारों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
