गोपालगंज के सदर प्रखंड स्थित चैनपट्टी गांव में भाजपा जिला कार्यालय परिसर में कार्यकर्ता सम्मान समारोह सह आभार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करना और उनके समर्पण के प्रति आभार प्रकट करना था।
समारोह में भाजपा के साथ जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और अन्य घटक दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सदर विधायक सुभाष सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने एनडीए गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी दल प्रदेश और देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आने वाली राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को और मजबूत करने के लिए सक्रिय रहें। कार्यक्रम के दौरान उत्साह व उमंग का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने भी नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई, जिससे संगठनात्मक एकता और मजबूती का संदेश पूरे क्षेत्र में गया।
इस मौके पर एमएलसी राजीव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी, जदयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही समेत विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
