भाटपाररानी क्षेत्र में बच्चों को स्कूल लाने जा रही एक निजी विद्यालय की वैन में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। वैन से धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और वैन में सवार दो शिक्षिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार सलेमपुर नगर पंचायत स्थित एक निजी विद्यालय की वैन सुबह महुआबारी क्षेत्र की ओर जा रही थी। मझौली राज से आगे बड़वा टोला के समीप पहुंचते ही वैन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।