बरहज थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मृत्यु के बाद उनके बैंक खाते से करीब सात माह तक पेंशन की राशि निकाले जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान लगभग 4.20 लाख रुपये की निकासी किए जाने की जानकारी मिलने पर परिजन हैरान रह गए। मामले में लखनऊ में रह रही एक महिला पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
भड़सरा दीक्षित गांव निवासी राकेश दीक्षित ने बरहज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता उदय नारायण दीक्षित सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने लखनऊ में आवास बनवाया था, जहां वे रह रहे थे और वहीं एक महिला के संपर्क में थे। उदय नारायण दीक्षित का निधन 23 जनवरी 2025 को हो गया था।
आरोप है कि मृत्यु के बावजूद चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर अगस्त 2025 तक उनके बैंक खाते से पेंशन की राशि निकाली जाती रही। पीड़ित के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक, बरहज शाखा में स्थित खाते से कुल करीब 4.20 लाख रुपये की निकासी की गई।
इस संबंध में उप निरीक्षक सर्वेश सिंह ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई है। बैंक शाखा प्रबंधक के अनुसार धनराशि की निकासी लखनऊ से की गई है, इसलिए आगे की जांच लखनऊ स्तर से की जाएगी।
