गोपालगंज। अनाज दिलाने के नाम पर करीब 1 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे राजद के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप देव को रोहतास पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शहर के लखपतिया मोड़ स्थित ब्लड बैंक के पास से की गई।

जानकारी के अनुसार पटना निवासी पंकज कुमार सिंह ने रोहतास जिले के नटवर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि एफसीआई से अनाज दिलाने का झांसा देकर प्रदीप देव और उसके सहयोगियों ने 21 किस्तों में लगभग 1.98 करोड़ रुपये की ठगी की। अगस्त 2024 में केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

शनिवार की रात नगर थाना पुलिस के सहयोग से की गई छापेमारी में प्रदीप देव को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद नगर थाना में करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद रोहतास पुलिस उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की जांच कर रही है और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इसके लिए मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रदीप देव के साथ तीन दर्जन से अधिक युवक जुड़े हुए हैं और वह लंबे समय से ठगी की गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

बताया जाता है कि वर्ष 2019 में भी उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। उस समय भी ऑनलाइन माध्यम से ठगी की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा था। एक बार फिर गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।