मांझागढ़ (गोपालगंज)। पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार मांझा प्रखंड अंतर्गत संचालित 250 आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभागीय निर्देशानुसार टीएचआर (टेक होम राशन) का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को सूखा राशन उपलब्ध कराया गया।

टीएचआर वितरण की निगरानी और जांच के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित जांच टीम ने प्रखंडवार सूची के अनुसार केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच टीम में शामिल मांझा प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी देवश्री महतो ने मांझा पूर्वी पंचायत के 11 आंगनबाड़ी केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इनमें लंगतु हाता, वृत्ति टोला, शेख टोली, मांझा टोला, पुरानी बाजार और सुदा साह के टोला स्थित केंद्र शामिल रहे।

इसी क्रम में गठित टीम में शामिल अंचल अधिकारी मुन्ना कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी मांझा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में कुल 250 आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर विभागीय निर्देशों के अनुसार टीएचआर राशन का वितरण होते पाया गया।

समाचार संकलन तक किसी भी केंद्र से अनियमितता की कोई सूचना सामने नहीं आई है।